माह के शुरुआती दिनों में बैंकों में भीड़ लगातार बढ़ रही है। आरबीआई से जल्द पैसा नहीं आया तो बैंकों में स्थिति यहां भी खराब हो सकती है। हालांकि फिलहाल बैंकों के पास कुछ दिन के लिए धन उपलब्ध है और लोगों की पैसों की जरूरत को पूरा करने के लिए नैनीताल एसबीआई से पैसा मंगाया जा रहा है। एसबीआई से अन्य बैंकों को पर्याप्त करेंसी नहीं मिल पा रही है।
पंद्रह दिन पहले आरबीआई से सीमित पैसा ही एसबीआई के पास आया था। अब वह पैसा भी खत्म होने वाला है। पैसा कम होने से बैंक अब भुगतान भी ज्यादा नहीं दे पा रहा है और लोगों को फिलहाल हर रोज 10 हजार रुपए तक मिल पा रहा है। आरबीआई से पैसा मिलने के बाद एसबीआई की चेस्ट ब्रांच से अन्य बैंकों में भी पैसा दिया जाता है, लेकिन इस बीच एसबीआई में ही पैसा कम है।
एसबीआई मुख्य ब्रांच के उप मुख्य प्रबंधक एनसी गुरुरानी ने बताया कि आरबीआई से करीब पंद्रह दिन पहले 15 करोड़ रुपए आया था जो अब समाप्त होने को है। हालांकि लोगों को पैसे की किल्लत नहीं हो इसके लिए नैनीताल एसबीआई से पैसा मंगाया जा रहा है। इधर माह के शुरुआती दिनों में बैंकों में पेंशनरों, वेतनभोगी कर्मचारियों की भीड़ बढ़नी शुरू हो जाती है। ग्रामीण और नगर क्षेत्र से काफी संख्या में पेंशनर अपने खातों से पैसा निकालने पहुंच रहे हैं, वहीं वेतनभोगी कर्मचारियों को भी एसबीआई में लाइन लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है।