फोटो- 03एएलएम13पी- सम्मानित दिव्यांग जिलाधिकारी के साथ। स्रोत सूचना विभाग
अल्मोड़ा। विश्व दिव्यांग दिवस पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन दक्ष दिव्यांगजनों को राज्य स्तरीय दिव्यांग पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित दिव्यागों से वार्ता करते हुए उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगों की आवश्यकताओं और समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
राज्य स्तरीय दिव्यांग दक्षता पुरस्कार के लिए जिले से चार दिव्यांगों का चयन हुआ है। कलेक्ट्रेट में आयोजित सम्मान समारोह में सौरभ तिवारी, रेखा आर्य, हिमांशु रावत को जिलाधिकारी ने सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र और प्रत्येक को आठ हजार रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए। जबकि पुरस्कार के लिए चयनित चौथे चयनित अर्चना जोशी को हल्द्वानी में सम्मानित किया गया। डीएम ने कहा कि दिव्यांग किसी भी प्रकार से कमजोर नहीं हैं, बल्कि अपनी प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच के बल पर समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बनते हैं। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वालों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता का प्रतीक है, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समाज से अपील की कि दिव्यांगों को अधिक से अधिक अवसर प्रदान किए जाएं, ताकि वे अपनी क्षमताओं का उपयोग कर मुख्यधारा में सक्रिय योगदान दे सकें। वहां प्रभारी समाज कल्याण अधिकारी पीतांबर प्रसाद , अपर समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र पांडे आदि मौजूद रहे।