सरयू-बेलक-दन्यां पेयजल योजना का निरीक्षण करते विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल
- फोटो : AMAR UJALA
अल्मोड़ा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने सरयू घाटी के आरा सल्पड़ क्षेत्र का भ्रमण किया और समस्याएं सुनी। उन्होंने सरयू बेलक दन्यां पेयजल योजना का निरीक्षण भी किया।
ग्रामीणों ने शिकायत की कि योजना के निर्माण में अनियमितता बरती गई है। निरीक्षण में पाया कि योजना के हस्तांतरित होने से पहले ही पंप खराब हो चुके हैं। मात्र एक मोटर से काम चलाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार पंप की मोटर गरम हो जाती है। जिससे बार-बार बंद कर पानी लिफ्ट किया जाता है। नदी का पानी मुख्य टैंक तक नहीं पहुंच पाता। गधेरे का पानी टैंक में छोड़ा गया है। टैंक के किनारों में मिट्टी भर जाती है। पानी फिल्टर की कोई व्यवस्था नहीं है। तमाम खामियों पर विधायक ने जल निगम को जल्द खामियों दूर करने के निर्देश दिए।
गंभीर अनियमितता पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि विभाग द्वारा करोड़ों की लागत से बनाई गई योजना अधर में लटक गई है। उन्होंने कहा कि मुख्य नलकूप सहित वितरण लाइनों की खामियों को लेकर पत्र भेजकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। पर खामियां दूर करने के बजाए विभाग ढुलमुल रवैया अपना रहा है।
कुंजवाल ने कहा कि यदि योजना में व्याप्त खामियों का जल्द पूर्ण निराकरण नहीं किया गया तो वह अग्रिम कार्रवाई करने को बाध्य होंगे। इसके लिए विभाग स्वयं जिम्मदार होगा। क्षेत्र भ्रमण में उनके साथ काभड़ी के बीडीसी सदस्य दिनेश जोशी, दयाकृष्ण पांडे, सामाजिक कार्यकर्ता कमल बिष्ट, प्रधान काभड़ी गोधन राम, चंदन बोरा, जीवन सिंह आदि थे।