बागेश्वर। जिला अस्पताल के समीप सरयू पुल इन दिनों पार्किंग बन गया है। पुल पर 108 सेवा के एंबुलेंस और टैक्सी पार्क हो रहे हैं। इससे यहां से गुजरने वाले अन्य वाहनों और राहगीरों को दिक्कतें हो रही है।
मोटर पुल जिला अस्पताल और पिंडारी रोड जैसे व्यस्ततम मार्गों को आपस में जोड़ता है। इस मार्ग पर दिनभर एंबुलेंस, तीमारदारों के वाहन और स्थानीय लोगों की भारी आवाजाही रहती है। पुल के एक हिस्से पर स्थायी रूप से खड़े रहने वाले वाहनों से सड़क संकरी हो गई है।
हालत यह है कि दो बड़े वाहनों के आमने-सामने आने पर पुल पर जाम लग जाता है जिससे आपातकालीन सेवाओं पर असर पड़ रहा है। अस्पताल के ठीक पास होने से पुल का महत्व और भी बढ़ जाता है लेकिन एंबुलेंस और टैक्सी की कतारों ने इसे स्टैंड बना दिया है।
लोगों का कहना है कि पुल पर वाहन खड़े होने से पैदल चलने वालों को भी जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ता है। कई बार जाम से गंभीर मरीजों को ले जा रहे वाहनों को भी इंतजार करना पड़ता है।