अल्मोड़ा के महिला अस्पताल को सैनिटाइज करते कर्मी।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। बागेश्वर की लेडी डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर अल्मोड़ा के अस्पतालों में भी रेंडम सैंपलिंग शुरू होने से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मचा है। शनिवार को महिला अस्पताल को सैनिटाइज किया गया। वहीं बताया जा रहा है कि कुछ स्वास्थ्य कर्मी और डॉक्टर भी एहतियातन होम क्वारंटीन पर चले गए हैं।
उल्लेखनीय है कि बागेश्वर के बैजनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत लेडी डॉक्टर में पिछले सप्ताह कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। पिछले दिनों महिला खुद का इलाज कराने अल्मोड़ा अस्पताल आई हुई थी। यहां से बैजनाथ वापस जाने के बाद उनकी तबियत बिगड़ने पर कोरोना सैंपल जांच के लिए भेजे थे। जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अल्मोड़ा से लौटने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से यहां भी मामला चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि महिला डॉक्टर ने कहां और किससे उपचार करवाया इसका साफ पता नहीं लग पाया। लेकिन अल्मोड़ा के अस्पतालों में भी अब रेंडम सैंपलिंग शुरू कर दी गई है। पिछले दिनों महिला अस्पताल में डॉक्टर, नर्स समेत कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। सैंपल लिए जाने के बाद से अब अस्पताल में कर्मचारियों समेत उपचार को पहुंच रहे रोगियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। इसके तहत शनिवार को महिला अस्पताल में शनिवार को सैनिटाइज करवाया गया। इधर शनिवार को जिला अस्पताल का अल्ट्रासाउंड कक्ष भी बंद रहा। जिसके चलते अस्पताल की रेडियोलॉजिस्ट के भी होम क्वारंटीन होने की संभावना जताई गई। इससे पूर्व महिला अस्पताल में भी एक महिला डॉक्टर को होम क्वारंटीन किया गया है।