रानीखेत में छावनी परिषद का छलकता कूड़ादान। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। जहां एक तरफ वैश्विक कोरोना के खौफ से जूझ रहा है, वहीं दूसरी तरफ पर्यटननगरी के नाम से मशहूर रानीखेत नगर में नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठ रहा है। कई कूड़ेदान भरे हैं। यहां कूड़ा निस्तारण की जिम्मेदारी छावनी परिषद की है। हालांकि स्टेशन, पेट्रोल पंप, बैंक के आसपास कैमिकल छिड़का जा रहा है। अब यह अभियान गली मोहल्लों में भी शुरू हो चुका है, लेकिन बाजार क्षेत्र से कूड़ा न उठने से लोगों में आक्रोश है।
यहां गांधी चौक, केमू स्टेशन, कचहरी लाइन आदि इलाकों में कूडे़दानों को रोज खाली नहीं किया जा रहा है। कूड़ेदान भरे पड़े हैं जबकि कोरोना से बचाव के लिए सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। छावनी परिषद के स्वच्छता निरीक्षण एपी सिंह का कहना है कि इन दिनों कैमिकल, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। मुख्य स्थानों को सैनिटाइज भी किया जा रहा है। उन्होंने माना कि जनता कर्फ्यू के कारण रविवार को कूड़ा नहीं उठा था। अब कूड़ेदानों की सफाई कर दी गई है।
उधर, चिलियानौला नगर पालिका क्षेत्र में भी ब्लीचिंग पाउडर छिड़कने के दावे किए जा रहे हैं, जबकि वहां कैमिकल के छिड़काव के लिए मशीन तक नहीं मिल सकी है। नगरपालिका के प्रभारी ईओ एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि कैमिकल छिड़काव के आदेश जारी कर दिए गए हैं। वार्डों में ब्लीचिंग पाउडर छिड़का जा रहा है।