जिलाधिकारी भूपाल सिंह मनराल ने होली पर्व के मद्देनजर अधिकारियों को सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुपालन में खाद्य निरीक्षक कैलाश टम्टा ने बुधवार को नगर की दुकानों में छापे मारे। इस दौरान उन्होंने मिठाई की एक दुकान समेत कुल चार दुकानों से खाद्य पदार्थों का सैंपल लिए। इन नमूनों को मिलावट, गुणवत्ता की जांच के लिए रुद्रपुर प्रयोगशाला में भेजा गया है। वहां से रिपोर्ट मिलने पर ही इन व्यापारियों के खिलाफ अगली कार्रवाई हो सकेगी। इस दौरान टीम ने डिग्री कालेज के पास बिना फूड लाइसेंस के बेकरी चला रहे एक व्यक्ति के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। बताया कि किसी भी खाद्य वस्तु को बेचने के लिए लाइसेंस जरूरी है। छापेमारी से व्यापारियों में खलबली मच गई। खाद्य निरीक्षक टम्टा ने कहा कि नकली, मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इस दौरान उनके साथ निरीक्षक मदन राम भी थे।