अल्मोड़ा। गर्भवती महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद से ही नगर में स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लेने का कार्य जारी है। सोमवार को नगर के जिला और महिला अस्पतालों में कुल 60 स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लिए गए। वहीं अब भी अस्पताल में दो डॉक्टर एहतियातन सेल्फ क्वारंटीन में हैं।
शनिवार को हवालबाग ब्लॉक निवासी एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों महिला अस्पताल में गर्भवती का अल्ट्रासाउंड हुआ था, जिला अस्पताल में भी वह कुछ जांच करवाने पहुंची थी। गर्भवती महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से ही दोनों अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मचा रहा।
अस्पताल पहुंचने वाले लोगों में भी डर का माहौल है। गर्भवती महिला के अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचने की सूचना के बाद से स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लेने का कार्य जारी है। गर्भवती के अस्पताल आने की जानकारी पर दो महिला डॉक्टर एहतियातन सेल्फ क्वारंटीन में हैं। इस दौरान अब सोमवार को भी अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मियों के सैंपल लिए गए। जानकारी के अनुसार जिला और महिला अस्पताल में सोमवार को कुल 60 डॉक्टर, नर्स, वार्ड ब्वॉय आदि के सैंपल लिए गए। बताया जा रहा है कि पूर्व में रिपोर्ट निगेटिव आने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के भी फिर से टेस्ट करे जा रहे हैं।