विधायक सुरेंद्र सिंह जीना की पत्नी नेहा का फाइल फोटो।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा/सल्ट । सल्ट के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना की पत्नी नेहा जीना (45) का मंगलवार शाम को दिल्ली में हार्ट अटैक से निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इन दिनों विधायक जीना भी दिल्ली में ही हैं।
मंगलवार को विधायक सुरेंद्र सिंह जीना की पत्नी नेहा जीना की तबियत अचानक बिगड़ गई। उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका निधन हो गया। बताया गया है कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हुआ।
विधायक जीना की पत्नी के आकस्मिक निधन के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अल्मोड़ा दौरे को लेकर भी असमंजस की स्थिति बन गई है। जानकारी के मुताबिक सीएम अल्मोड़ा दौरे के बीच विधायक जीना को सांत्वना देने के लिए दिल्ली भी जा सकते हैं। हालांकि फिलहाल सीएम का दौरा स्थगित नहीं हुआ है।