मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट ब्लॉक के आधा दर्जन से अधिक गांवों में पानी का संकट गहराने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड के दिनों में भी ग्रामीण पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। लोगों का सारा समय परिवार और मवेशियों के लिए पानी जुटाने में ही बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने पानी की आपूर्ति शीघ्र सुचारू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
क्षेत्र की गुलार-कलगेत पेयजल योजना में पानी की आपूर्ति लंबे समय से नहीं हो रही है। इस वजह से सल्ट ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सदरखोला, घसकोट, नपटवा, पोखरी, देवायल, ढैला, करगेत, शशिखाल समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों में पानी का संकट गहरा गया है। ठंड के दिनों में ग्रामीणों को पानी जुटाने में पसीना छूट रहा है। ग्रामीण चार किमी दूर स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हैं।
नपटवा के सामाजिक कार्यकर्ता इंद्र सिंह ने बताया कि पेयजल योजना में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति ठप है। उन्होंने बताया कि जाड़े के दिनों में पानी नहीं आने से काफी दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पेयजल योजना में शीघ्र आपूर्ति सुचारू नहीं हुई तो ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।