सरकार द्वारा कुमाऊं मंडल विकास निगम के माध्यम से पर्यटन स्थली बिनसर के पास कटघर और गैनाप गांवों में होम स्टे सेवा शुरू कर दी है। ग्रामीणों के सहयोग से शुरू सेवा का शुभारंभ निगम के एमडी धीराज गर्ब्याल ने किया। केएमवीएन के प्रबंध निदेशक धीराज गर्ब्याल ने कटघर और गैनाप गांवों में होम स्टे सुविधा का शुभारंभ किया।
उन्होंने बताया कि फिलहाल पांच ग्रामीणों ने होम स्टे को भवन तैयार किए हैं। निगम की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले इच्छुक पर्यटकों को होम स्टे सुविधा दी जाएगी। बिनसर पर्यटक गृह आने वाले पर्यटकों की मांग पर उन्हें भी होम स्टे कराया जाएगा। एमडी ने बताया कि पर्यटकों के गांवों में ठहरने से ईको पर्यटन, स्थानीय उत्पादों को तो बढ़ावा मिलेगा ही साथ ही लोकसंस्कृति का संरक्षण होगा।
होम स्टे करने वाले पर्यटकों को स्थानीय व्यंजन परोसे जाएंगे। लोक सांस्कृतिक कार्यकमों के जरिए मनोरंजन की भी व्यवस्था होगी। इससे ग्रामीणों की आय बढ़ेगी। पलायन पर भी अंकुश लगेगा। गर्ब्याल ने कटघर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पर्यटन को बढ़ावा देने में सहयोग करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि होम स्टे योजना में आगे आने वाले व्यवसायियों को पर्यटकों के लिए साफसुथरे वॉशरूम बनाने और आरामदायक बिस्तरों के लिए सरकार से अनुदान भी मिलेगा। जल्द ही निगम के महत्वपूर्ण आवास गृहों से लगे गांवों में भी होम स्टे योजना शुरू होगी। वहां निगम के वरिष्ठ प्रबंधक गोपाल बिष्ट, रंगकर्मी अशोक पांडे, प्रशांत बिष्ट, जयमित्र बिष्ट आदि मौजूद थे।