बाराकूना में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
धौलादेवी-खेती सड़क के घटिया डामरीकरण का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के लोगों ने बाराकूना में प्रदर्शन किया। अपराह्न बाद पहुंचे लोनिवि एडीबी निर्माण खंड-दो के सहायक अभियंता का आधा घंटे तक घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने मानक के मुताबिक सड़क में दोबारा डामरीकरण करने की मांग की। अधिकारियों से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
लोनिवि एडीबी निर्माण खंड-दो द्वारा धौलादेवी ब्लॉक में धौलादेवी-खेती सड़क में डामरीकरण का कार्य करवाया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का आरोप था कि संबंधित ठेकेदार द्वारा मार्ग में गुणवत्ताविहीन डामरीकरण किया जा रहा है। क्षेत्र के लोग इस संबंध में पूर्व में विभागीय अधिकारियों को भी अवगत करा चुके थे। क्षेत्र के काफी संख्या में ग्रामीणों ने बाराकूना में जोरदार प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य बाधित कर दिया। जिला मुख्यालय से बाराकूना अपराह्न दो बजे पहुंचे एडीबी के सहायक अभियंता प्रकाश सिंह रौतेला का ग्रामीणों ने घेराव किया। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस और पुलिस मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग और ठेकेदार जनता के पैसे का दुरुपयोग कर सड़क में घटिया डामर कर रहे हैं। उन्होंने जबरदस्त नारेबाजी भी की। अधिकारियों से जब सड़क का डामर उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण करने का आश्वासन मिला तो ग्रामीण मान गए और उन्होंने घेराव और जाम समाप्त किया। लोगों ने चेताया कि यदि सड़क में गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं किया गया तो पुन: आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
इधर लोनिवि एडीबी खंड के अधिशासी अभियंता अनिल पांगती ने बताया कि गुणवत्ता विहीन डामर को उखाड़ने के निर्देश उन्होंने बुधवार को ही जारी कर दिए थे। सड़क में किए गए डामर को उखड़वाने के लिए आज सहायक अभियंता प्रकाश सिंह रौतेला को मौके पर भेजा गया था।