नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के बाद ट्राफी के साथ विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़
अल्मोड़ा। एडम्स क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार देर रात फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में रॉयल राजपूत ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फील्ड सेवन को 13 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। देर रात तक चले रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल गोल्ज्यू सेवन और फील्ड सेवन के बीच खेला गया। फील्ड सेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 50 रन बनाए जबकि गोल्ज्यू सेवन की टीम 9.1 ओवर में छह विकेट खोकर 39 रन ही बना सकी। इस तरह फील्ड सेवन ने 11 रन से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में रॉयल राजपूत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में तीन विकेट खोकर 107 रन बनाए। जवाब में सेवन स्टार्स की पूरी टीम 6.7 ओवर में छह विकेट खोकर 37 रन पर सिमट गई। रॉयल राजपूत ने 70 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में रॉयल राजपूत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में छह विकेट खोकर 54 रन बनाए। वहीं फील्ड सेवन की टीम निर्धारित 10 ओवर में पांच विकेट खोकर 41 रन ही बना सकी। रॉयल राजपूत ने 13 रन से फाइनल मुकाबला जीत लिया।
विजेता रॉयल राजपूत टीम के कप्तान सूरज सिंह ठठोला समेत पूरी टीम को 35 हजार रुपये की धनराशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता फील्ड सेवन के कप्तान ऋषभ कांडपाल व टीम को 17 हजार रुपये और रनर अप ट्रॉफी दी गई। कंचू जीना को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। अंपायर संजय बिष्ट, त्रिलोक रौतेला और प्रकाश बिष्ट रहे जबकि युवम वोहरा ने कमेंट्री से दर्शकों में उत्साह बनाए रखा। मुख्य अतिथि के रूप में दायित्वधारी गोविंद पिलख्वाल रहे। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष किरन पंत, नगर उपाध्यक्ष विनीत बिष्ट, जिला महामंत्री दर्शन रावत, पार्षद अर्जुन बिष्ट, कृष्णा सिंह, खजान पांडे, गोलू भंडारी, आशु भंडारी, भास्कर भंडारी आदि मौजूद रहे।