अल्मोड़ा। रोडवेज की टनकपुर सेवा का संचालन स्थगित रहा। इस कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। यात्रियों ने बस सेवा का नियमित संचालन करने की मांग की
जिला मुख्यालय स्थित परिवहन निगम डिपो में चालकों की कमी बनी हुई है। इस कारण बुधवार को टनकपुर की सेवा स्थगित रही। इस वजह से टनकपुर समेत अन्य स्थानों को जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। चालकों की कमी के कारण कई बार अन्य रूटों पर भी बसों का संचालन स्थगित रहता है।
इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ता है। स्थानीय निवासियों और नियमित यात्रियों का कहना है कि टनकपुर रूट बेहद महत्वपूर्ण है लेकिन चालकों की कमी के बहाने अक्सर अन्य प्रमुख रूटों की सेवाएं भी अचानक निरस्त कर दी जाती हैं। यात्रियों ने परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि अल्मोड़ा डिपो में जल्द से जल्द आउटसोर्स या नियमित चालकों की तैनाती की जाए ताकि रूटों पर बसों का नियमित व सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।
चालकों की कमी के चलते बुधवार को टनकपुर रूट की बस सेवा का संचालन स्थगित करना पड़ा। हालांकि अन्य सामान्य दिनों में इस रूट पर बस सेवा का सुचारू संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है।
धर्मानंद जोशी, एजीएम परिवहन निगम अल्मोड़ा