चौखुटिया (अल्मोड़ा)। मासी से अल्मोड़ा जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग एनएच 109 पर जुकानौली के पास विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को पास देने के चक्कर में सड़क किनारे जाकर पीलर पर अटक गई। इससे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई।
उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस शुक्रवार को मासी से अल्मोड़ा की तरफ जा रही थी। बस में करीब 20 यात्री सवार थे। चौखुटिया तहसील के अंतर्गत ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग एनएच 109 पर जुकानौली के पास विपरीत दिशा से आ रहे वाहन को पास देने के दौरान बस का बाया हिस्सा पीलर से लटक कर रुक गया। इस कारण बस सड़क से नीचे गिरने से बाल-बाल बच गई। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई।
यात्रियों का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि बस पीलर पर नहीं रुकती तो सड़क से नीचे जा गिरती, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। बस में सवार यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। इधर रोडवेज अल्मोड़ा डिपो के एजीएम विजय तिवारी ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।