रानीखेत के चमनपुरी क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियां। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। बरसात में सड़कों के दोनों ओर बड़ी झाड़ियां उगी हैं। इस कारण हर मोड़ पर सड़क खोजनी पड़ रही है। बरसात में निकासी नालियां, कल्वर्ट साफ न होने के कारण भी दुर्घटना की आशंका है।
कारचूली गांव के प्रधान प्रतिनिधि शिवराज सिंह ने बताया कि चमनपुरी-कारचूली मोटर मार्ग में आबादी के ठीक नीचे सड़क के दोनों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हैं। इनमें खतरनाक जंगली जानवरों के छिपने का खतरा है। यहां से पैदल चलने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना रहती है, क्योंकि यहां पहले भी तेंदुआ कई जानवरों को मार चुका है। पहले विभाग के गैंगमेट झाड़ियां काटकर मलबा हटाते रहते थे लेकिन इस बार झाड़ियों की सफाई नहीं की गई है। सड़क किनारे निकास नालियां भी चोक हैं। बरसात का पानी सड़क पर बहता है। इससे टूटफूट की आशंका रहती है। शिवराज का कहना है कि लोनिवि निर्माण खंड को कई बार सूचना दी गई, लेकिन सड़क साफ नहीं हो सकी है। उन्होंने शीघ्र झाड़ियां काटकर चोक नालियां खोलने की मांग की है।