चौखुटिया (अल्मोड़ा)। गेवाड़ क्षेत्र की सात सूत्री मांगों के लिए गेवाड़ विकास समिति का आंदोलन जारी है। बृहस्पतिवार को रामगंगा आरती घाट पर क्रमिक अनशन चौथे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को सेवानिवृत्त शिक्षकों सहित क्षेत्र के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है। आंदोलनकारियों ने क्षेत्रहित में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की।
बृहस्पतिवार को जगत सिंह किरौला, लीलाधर मठपाल, खुशाल सिंह अटवाल और रमेश चंद्र शर्मा क्रमिक अनशन पर बैठे। समिति के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है। केवल आश्वासन देने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा। मांगों पर धरातल पर कार्रवाई जरूरी है।
समिति का कहना है कि इन मांगों का संबंध विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों की जरूरतों से है। इनके समाधान से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम का संचालन जीवन नेगी ने किया। इस दौरान अशोक कुमार, शंभू दत्त पांडे, आरडी नैनवाल, किरन नेगी, विष्णु सिंह किरौला, डॉ. मदन मोहन चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे। संवाद