कौसानी (बागेश्वर)। क्षेत्र के रतमटिया में अग्निकांड से पीड़ित परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट गहरा गया है। रेडक्रॉस सोसायटी की टीम ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवार को राहत सामग्री वितरित की। मंगलवार को रेडक्रॉस के वरिष्ठ सदस्य उमेश जोशी के नेतृत्व में गांव पहुंची टीम ने प्रभावित परिवार को तिरपाल, कंबल, बर्तन सेट और हाइजीन किट प्रदान की। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास, भाजपा जिला महामंत्री धनश्याम जोशी, समाजसेवी कैलाश खुल्बे, जगदीश आर्या, जगदीश खोलिया आदि मौजूद रहे।