कांडा(बागेश्वर)। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में योग प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए योग शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। राजकीय महाविद्यालय कांडा में त्रिलोक सिंह को योग शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। योग शिक्षक विद्यार्थियों के अतिरिक्त स्थानीय लोगों को भी योग का प्रशिक्षण देंगे। डिग्री कॉलेज कांडा में अब नियमित रूप से योग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। प्रतिदिन सुबह नौ बजे से 10 बजे तक और दोपहर दो बजे से तीन बजे तक दो सत्रों में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि स्थानीय जनमानस भी इन योग प्रशिक्षण कक्षाओं में हिस्सा ले सकता है। इसके लिए उन्हें केवल 100 रुपये वार्षिक प्रशिक्षण शुल्क महाविद्यालय के संबंधित खाते में जमा कर पंजीकरण कराना होगा। प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने सभी कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।