अल्मोड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने द्वाराहाट के मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर में रेफ्रिजरेटर बंद पाया गया। साथ ही अन्य अनियमितताएं मिलने पर लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शचि शर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट के स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. कमलेश पांडे ने बुधवार को द्वाराहाट के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड दवाइयों की जांच की गई। मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस भी चेक किए गए। निरीक्षण के दौरान कई मेडिकल स्टोर में अनियमितताएं पाई गईं। सात मेडिकल स्टोरों से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया। एक मेडिकल स्टोर में रेफ्रीजरेटर बंद मिला और अन्य अनियमितताओं के चलते लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति की गई।
मेडिकल स्टोरों में एक्सपायरी बॉक्स नहीं मिले
कुछ मेडिकल स्टोरों में एक्सपायरी बॉक्स नियमानुसार नहीं बनाए गए थे। कैश मेमो भी मैंटेन नहीं किए जा रहे थे। टीम को सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी नहीं दिखाई गई। दवाओं का रख रखाव सही तरह से नहीं किया गया था जो की जन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। मेडिकल स्टोरों में नियमानुसार कैश मेमो मैंंटेन करने, लेबल्ड एक्सपायरी बॉक्स बनाने, सभी ग्राहकों को बिल उपलब्ध कराने, एक्सपायरी दवाइयों के सही रख रखाव व साफ सफाई बनाए रखने आदि के निर्देश दिए गए।