पुलिस के पहरे में ट्रक से नई करेंसी उतारते मजदूर।
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को नई करेंसी पहुंचने की खबर से लोगों ने राहत महसूस की। पांच सौ और हजार रुपए के नोट अमान्य हो जाने के बाद शुक्रवार को पहली बार आरबीआई से नई करेंसी पहुंच गई है। कानपुर से यूपी पुलिस की भारी सुरक्षा के घेरे में पहुंचे ट्रक में करीब 40 करोड़ रुपए के नए नोट अल्मोड़ा में एसबीआई की मुख्य शाखा में पहुंचे। बताया गया है कि पहली खेप में सिर्फ दो हजार रुपए के नोट आए हैं। शनिवार से नई करेंसी मिलनी शुरू हो जाएगी।
कानपुर से नई करेंसी लेकर चला ट्रक दोपहर करीब एक बजे अल्मोड़ा पहुंचा। सुरक्षा की दृष्टि से ट्रक के आगे-पीछे छह कारों में यूपी पुलिस के 32 हथियार बंद सुरक्षा कर्मी भी चल रहे थे। अल्मोड़ा पहुंचने पर नई करेंसी एसबीआई की मुख्य शाखा में पहुंचा दी गई। बैंक सूत्रों ने बताया कि इस ट्रक में 40 करोड़ रुपए आए हैं। एसबीआई के चीफ मैनेजर एके सिंह ने बताया कि फिलहाल दो हजार रुपए के नए नोट आए हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार से नए नोटों का वितरण भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल एटीएम में 100 के नोट ही डाले गए हैं।