रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत नगर और ब्लाॅक मुख्यालय ताड़ीखेत को जोड़ने वाली सड़कें बदहाल हैं। तीव्र मोडों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटना की वजह बन सकते हैं।
बता दें कि रानीखेत मुख्य बाजार की सड़क लंबे समय से खराब है। यहां जगह-जगह गड्ढे बने हैं। केमू स्टेशन से लेकर रोडवेज स्टेशन तक सड़क के हाल बेहद खराब हैं। इस कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई लेकिन कोई देखने वाला नहीं।
केमू स्टेशन पर बना गड्ढा किसी भी वक्त बड़े हादसे की वजह बन सकता है। हालांकि यहां दोपहिया वाहन चालक कई बार गड्ढे में गिरकर चोटिल तक हो चुके हैं। पेट्रोल पंप के ठीक सामने बने गड्ढे पर भी विभाग की नजर नहीं पहुंच सकी हैं। पूर्व में लोनिवि के सहायक अभियंता केएस बिष्ट ने गड्ढे शीघ्र भरने का आश्वासन दिया था लेकिन मई का महीना खत्म होने को है लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ।
व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष भगवंत नेगी ने कहा कि मुख्य बाजारों की सड़कें ठीक होनी चाहिए। पर्यटन सीजन चल रहा है। ऐसे में पर्यटकों को काफी दिक्कतें होंगी। उधर ताड़ीखेत ब्लाॅक मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क भी गड्ढों से पटी हैं। तीव्र मोडों पर गड्ढों में जल भराव हो रहा है जिस कारण किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
गनियाद्योली से ताड़ीखेत बाजार तक पैच भरान का कार्य चल रहा है। जिन स्थानों पर छूट गया है वहां ठेकेदार को दोबारा काम करने को कहा गया है। रानीखेत बाजार की सड़क पर भी शीघ्र पैच भरान का कार्य होगा। -केएस बिष्ट, सहायक अभियंता, लोनिवि।