रानीखेत (अल्मोड़ा) रानीखेत की जुड़वा बहनें प्रीति और रीति भंडारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर भारत और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। दोनों ने यूरोप की प्रतिष्ठित 6 सुपर हाफ मैराथन शृंखला में शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 48 वर्ष की आयु में इस उपलब्धि को हासिल कर दोनों बहनों ने एक मिसाल पेश की है।
प्रीति और रीति पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल मोहन चंद्र भंडारी की पुत्रियां हैं और उनका पालन-पोषण सैन्य परिवेश में हुआ है। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने दिल्ली के आर्मी पब्लिक स्कूल से प्राप्त की। आगामी प्रतियोगिताओं में वे कोपेनहेगन, लिस्बन और वेलेंसिया में भाग लेने जा रही हैं।
रीति एक सफल उद्यमी होने के साथ रन विद रीति समूह का नेतृत्व कर रही हैं, जबकि प्रीति अमेरिका के बैंकिंग क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।