रानीखेत (अल्मोड़ा)। गोल्फ मैदान को पर्यटकों और आम नागरिकों के लिए बंद कर दिए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। विरोध में अब व्यापार मंडल सहित तमाम संगठनों ने तीन जनवरी को रविवार के दिन रानीखेत बाजार बंद का एलान किया है। इस बारे में संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय को ज्ञापन भी सौंपा है।
व्यापार मंडल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि तीन जनवरी को विरोध में बाजार बंद रहेगा। ज्ञापन में कहा गया है कि गोल्फ मैदान में सेना का स्वामित्व है। इसे अब आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। लोगों का कहना है कि गोल्फ मैदान रानीखेत की शान है।
पर्यटक यहां आकर गोल्फ मैदान का सौंदर्य निहारते थे। मैदान बंद कर दिए जाने से पर्यटकों का आना बेहद कम हो गया है। जिसका सीधा असर पर्यटन व्यवसाय पर पड़ रहा है। कहा कि तीन जनवरी रविवार को विरोध में पूरा बाजार बंद रहेगा। यदि इसके बाद भी मैदान को नहीं खोला गया तो सभी सामाजिक संगठनों, जागरूक नागरिकों, व्यापारियों को साथ लेकर वृहद आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापार मंडल कार्यकारी अध्यक्ष भगवंत नेगी, उपाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल, उपसचिव मनोज पंत, कोषाध्यक्ष दीपक पंत, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी सहित तमाम लोग शामिल रहे।