जिलाधिकारी डा. आशीष कुमार गुप्ता ने आत्मा परियोजना के अंतर्गत न्याय पंचायत स्तर तक पशुपालन, कृषि और वानिकी को बढ़ा देने को कहा।
निर्देश दिए कि विभाग के अधिकारी कार्यप्रणाली में सुधार लाकर काश्तकारों को उन्नत बीज वितरित करें। डीएम कृषि प्राविधिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, सहायक निदेशक महिला डेरी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में दिसंबर तक कृषकों के मृदा परीक्षण के कार्ड बना लें। कृषकों को कृषि कार्य से जुड़े उन्नत संस्थानों का भ्रमण कराएं।
जब वह प्रशिक्षण प्राप्त कर आएं तो उन्हें गांवों में भेजकर अन्य कृषकों को प्रशिक्षण दिलाएं। साथ ही मडुवा उत्पादन के लिए काश्तकारों को प्रेरित करें।
पशुपालन विभाग के अधिकारियों से कहा कि चारा उत्पादन, मुर्गी पालन के लिए कृषकों को प्रेरित करें। कृषि उद्यान, पशुपालन, रेशम, कृषि विज्ञान केंद्र की प्रगति की समीक्षा की।
अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में पूरी तैयारी के साथ आएं। बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास मो. असलम, महाप्रबंधक नाबार्ड बीएस बिष्ट, लीड बैंक अधिकारी मदन मोहन वर्मा आदि उपस्थित थे।