सरकार ने कई स्कूलों का उच्चीकरण तो कर दिया, लेकिन पहले से ही स्कूलों में खाली चल रहे शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं की। राजकीय इंटर कॉलेज नगरखान में शिक्षकों के कई पद खाली चल रहे हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज नगरखान में एलटी संवर्ग में विज्ञान और अर्थशास्त्र, भूगोल, भौतिक विज्ञान प्रवक्ताओं के पद काफी लंबे समय से खाली चल रहे हैं। शिक्षकों के कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
पूर्व में एलटी संवर्ग के शिक्षक खाली विषयों को पढ़ाते थे, लेकिन एलटी संवर्ग के चार शिक्षकों का स्थानांतरण हो गया। शिक्षकों के समायोजन और स्थानांतरण होने के कारण विद्यालय में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
अभिभावकों ने बताया कि विद्यालय में अधिकांश कक्षा कक्षों की स्थिति काफी खराब है। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता है तथा बारिश का पानी कमरों में भर जाता है। कई कक्षा कक्ष तो टूटने की कगार पर हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के खाली पद नहीं भरे गए तो शिक्षक अभिभावक संघ अभिभावकों को साथ लेकर आंदोलन करने को बाध्य होगा।
ज्ञापन देने वालों में समिति के अध्यक्ष नवीन चंद्र डालाकोटी, शिवराज सिंह बनौला, अर्जुन प्रसाद, नंदी देवी, रमेश कुमार आर्य, बसंत जोशी, दीवान राम आदि शामिल थे।