पातली ख्यूशालकोट में भरभराकर गिरी मकान की छत।
- फोटो : अमर उजाला
बरसात शुरू होने के साथ ही नुकसान का सिलसिला भी शुरू हो गया है। तहसील के सुदूरवर्ती पातली ख्यूशालकोट गांव में शनिवार की सुबह बारिश के चलते एक पुराने भवन के पिछले हिस्से की छत गिर गई। सौभाग्य से उस वक्त कमरे में कोई नहीं था, गृह स्वामी ने बताया कि मंदिर का कमरा था, लेकिन काफी सामान बर्बाद हो गया है। राजस्व पुलिस ने मौका मुआयना कर लिया है।
पातली ख्यूशालकोट निवासी विजय सिंह नेगी ने बताया कि उनका भवन पत्थर की छत का है। शनिवार की सुबह भारी बारिश के चलते तकरीबन चार बजे के आसपास छत का पिछला हिस्सा गिर गया। नीचे मंदिर का कमरा था। वहां सारा सामान खराब हो गया। इसकी सूचना तत्काल राजस्व पुलिस को दी गई। राजस्व उपनिरीक्षक गिरीश कुमार ने भी मौका मुआयना कर लिया है। बता दें कि घटना के वक्त परिवार के लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। जिसके चलते बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। इधर ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है। इसके अलावा क्षेत्र में कई स्थानों पर रास्ते आदि भी क्षतिग्रस्त होने की सूचनाएं हैं।