राहुल गांधी की रैली का विरोध करते उपपा कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नगर आगमन के विरोध में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में धरना दिया और नानीसार समेत उत्तराखंड में जमीनों की लूट का हिसाब देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि भूमिहीनों, आपदा पीड़ितों, दलितों, विस्थापितों का हक मारकर जिंदल ग्रुप को जमीन लुटाने वाली कांग्रेस सरकार को जनता माफ नहीं करेगी। धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए गांधी पार्क के बाहर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
उपपा कार्यकर्ता प्रात: 11 बजे काले झंडे लेकर गांधी पार्क पहुंचे थे। यहां उपपा कार्यकर्ताआं ने तीन घंटे तक धरना दिया और कांग्रेस सरकार पर गुंडाराज, माफिया राज को बढ़ावा देने और इस मामले में कांग्रेस हाईकमान की चुप्पी के खिलाफ रोष व्यक्त किया। केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। पिछले डेढ़ साल में नानीसार में इस सरकार का माफिया परस्त चेहरा जनता के सामने आ चुका है। उपपा जिला महासचिव अमर प्रकाश और जीवन चंद्र ने कहा कि उत्तराखंड के भूमिहीन, आपदा पीड़ित, दलित विस्थापित कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से पूछना चाहते हैं कि दिल्ली में कई बार नानीसार आंदोलन की गूंज के बाद भी उन्होंने जिंदल ग्रुप को गैरकानूनी रूप से दी गई जमीन का संज्ञान क्यों नहीं लिया।अध्यक्षता उपपा जिलाध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने की। सभा में लीला वर्मा, अमीनुर्रहमान, आनंदी वर्मा, रेखा धस्माना, प्रतिभा सिंह, कौस्तुभानंद भट्ट, अनूप तिवारी, प्रकाश राम, पूरन लाल, हेम पांडे, पप्पू लाल आदि ने विचार रखे।