कुमाऊं में भाजपा को अब कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी 23 दिसंबर को अल्मोड़ा से जवाब देंगे। राहुल की इस सभा को देखते मुख्यमंत्री हरीश रावत की 22 दिसंबर की सभा को भी स्थगित कर दिया गया है। अब मुख्यमंत्री भी 23 दिसंबर को अल्मोड़ा में हार्ट केयर यूनिट के लोकार्पण सहित कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। कांग्रेस की कोशिश अब रैली में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने की है।
22 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अल्मोड़ा में भाजपा की रैली में मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस को निशाने पर लिया था। कांग्रेस तभी से अल्मोड़ा में जवाबी रैली करने की रणनीति बनाने शुरू कर दी थी। राहुल गांधी का कार्यक्रम तय न होने से जवाबी रैली का मामला लंबा खिंचता गया। राहुल गांधी से हरी झंडी नहीं मिलने के कारण 22 दिसंबर को अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री हरीश रावत की जनसभा का कार्यक्रम तय कर दिया गया। सोमवार को राहुल गांधी ने 23 दिसंबर की रैली में शामिल होने पर सहमति जता दी।
संसदीय सचिव और अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने इसकी पुष्टि की। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से सहमति मिलने के बाद अब मुख्यमंत्री हरीश रावत का 22 दिसंबर का प्रस्तावित कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है। दोनों नेता 23 दिसंबर को ही अल्मोड़ा आएंगे। इसी दिन मुख्यमंत्री हरीश रावत अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में खुलने जा रही कुमाऊं की पहली हार्ट केयर यूनिट के लोकार्पण के अलावा करोड़ों की लागत से निर्माणाधीन कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।
राहुल के कार्यक्रम को देखते हुए अब कांग्रेस भीड़ जुटाने को लेकर भी दबाव में है।
जानकारी के मुताबिक इस रैली में जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जा रहा है। भीड़ जुटाने के लिए सिटिंग विधायकों के अलावा सीटों से टिकट के दावेदारों को भी निर्देश दे दिए गए हैं। यह रैली अल्मोड़ा स्टेडियम में अथवा एसएसजे परिसर के मैदान में होगी। एसएसजे परिसर में अमित शाह रैली को संबोधित कर चुके हैं। कांग्रेस सूत्रों की मानें तो हल्द्वानी में क्रिकेट स्टेडियम के उद्घाटन समारोह की तर्ज पर ही सरकारी कार्यक्रम और चुनावी सभा का घालमेल कर कांग्रेस लोगों को इकठ्ठा करने की कोशिश में है। आचार संहिता लागू होने के बाद यह संभव नहीं हो पाएगा। ऐसे में आचार संहिता के लागू होने से ठीक पहले राहुल शो के जरिए कांग्रेस की कोशिश यहां हुई शाह की रैली का जवाब देने की है।