अल्मोड़ा। कोरोना से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउसों (टीआरसी) को क्वारंटीन सेंटर बनाने के लिए अधिग्रहित कर लिया है। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि अल्मोड़ा, डीनापानी, बिनसर, रानीखेत, मोनाल, दन्या, दुधोली, जागेश्वर, रानीखेत, चिलियानौला में स्थित पर्यटक आवास गृहों में क्वारंटीन सेंटर बनाया जाएगा। इसलिए डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को उनके नियंत्रण वाले क्षेत्र में स्थित संबंधित गेस्ट हाउसों को अधिग्रहित करने के निर्देश दिए हैं। कोरोना संक्रमण के दौरान विदेशों समेत बाहरी जिलों से आने वाले लोगों और विदेशियों के स्वास्थ्य की स्थिति, प्रवास और इस दौरान उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी के लिए जिला प्रशासन ने डीडीओ केके पंत को नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिया है। उनकी मदद के लिए विकासखंड स्तर पर भी एक नोडल अधिकारी नामित किया गया है जो ब्लॉकवार जानकारी जुटाकर रोजाना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में सूचना देंगे।