अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी मार्ग पर क्वारब के पास स्थित डोबा-चौसली वैकल्पिक मार्ग पर रविवार को एक घंटे से अधिक समय तक लंबा जाम लगा रहा। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री भीषण गर्मी व तेज धूप में घंटों फंसे रहे। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई लोग अपने निजी कार्यों और गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच सके। पर्यटक वाहनों और स्थानीय लोगों के वाहन भी जाम में फंसे रहे, जिससे पूरे मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। लोगों के अनुसार चौसली बाईपास पर सड़क संकरी होने और वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। यदि किसी भारी वाहन के रुकने या आमने-सामने आने की स्थिति बन जाए तो यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा यातायात को सुचारु कराने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी। यात्रियों ने इस मार्ग पर स्थायी यातायात प्रबंधन की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।