अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए क्वारब की वैकल्पिक सड़क डोबा-चौसली का तीन करोड़ रुपये से सुधारीकरण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड (लोनिवि) ने सड़क के 1.3 किमी हिस्से में कटिंग, सोलिंग और डामरीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। इस पहल से अल्मोड़ा- हल्द्वानी के बीच लोेगों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।
पहाड़ की लाइफ लाइन अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग में क्वारब पुल के पास पहाड़ी का ट्रीटमेंट होने के चलते सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह से बंद किया गया है। ऐसे तीन किमी लंबी डोबा-चौसली को क्वारब की वैकल्पिक सड़क के रूप में यातायात के लिए संचालित किया गया लेकिन इस सड़क पर कई स्थानों पर जमीन धंसने और भूस्खलन के कारण बारिश के दौरान यात्रियों और पर्यटकों को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।
लोनिवि प्रांतीय खंड ने 1.3 किमी सड़क पर कटिंग, सोलिंग, चौड़ीकरण और डामरीकरण के लिए शासन को तीन करोड़ 34 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा है। विभाग के मुताबिक प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। सड़क के सुधरने से लोगों की आवाजाही आसान होगी।
-
शेष सड़क का सुधारीकरण हुआ तो आसान होगी आवाजाही
- 1.7 किमी सड़क के सुधारीकरण के लिए शासन से 10 करोड़ रुपये मिले थे। विभाग ने सड़क का कटान, कलमठ निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। सड़क पर डामरीकरण कार्य अंतिम चरण में है। शेष सड़क का भी जल्द सुधारीकरण होगा तो लोगों को आवाजाही में राहत मिलेगी।
कोट
- डोबा-चौसली सड़क 1.3 किमी सड़क के सुधारीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रथम चरण में 1.7 सड़क पर डामरीकरण कार्य करीब पूरा हो चुका है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही प्राथमिकता के साथ शेष सड़क को भी सुधारा जाएगा। - कुंदन गिरी गोस्वामी, एई लोनिवि प्रांतीय खंड अल्मोड़ा