मासी में जल संस्थान कार्यालय के बाहर आंदोलनरत कर्मियों से वार्ता करते अधिकारी ।
- फोटो : ALMORA
चौखुटिया। (अल्मोड़ा)। अपनी दो सूत्री मांगों को लेकर चार दिनों से जल संस्थान कार्यालय मासी में धरने पर जमे जल संस्थान संविदा कर्मी और पंप आपरेटरों ने पूर्व चेतावनी के हिसाब से तीन ब्लॉकों की पेयजल पंपिंग योजनाएं बंद कर दी हैं। इसके चलते शुक्रवार से चौखुटिया, द्वाराहाट और भिकियासैंण के तमाम गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप हो जाएगी। इधर साढ़े चार घंटे तक चली वार्ता विफल हो गई है। कर्मियों से वार्ता को पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें मनाने का भरसक प्रयास किया पर वे उन्हें मनाने में नाकाम रहे।
जल संस्थान संविदा कर्मियों और पंप ऑपरेटरों का जल संस्थान कार्यालय परिसर मासी में धरना चौथे दिन भी जारी रहा। कर्मियों ने तय कार्यक्रम के हिसाब से द्वाराहाट, चौखुटिया और भिकियौंसैंण के विभिन्न गॉवों में पेयजल आपूर्ति करने वाली योजनाओं की पंपिंग बंद कर दी है। जिसके चलते तीनों ब्लॉकों के दर्जनों गांवों में शुक्रवार को पेयजल को लेकर हाहाकार मच सकता है।
इधर आंदोलनरत कर्मियों के साथ जल संस्थान के अधिशासी अभियंता सुरेश ठाकुर व ठेकेदार मनोज पाठक की साढ़े चार घंटेे चली वार्ता बेनतीजा रही। आंदोलनकारियों का कहना है कि उनके रुके वेतन के भुगतान के साथ ही बढ़े वेतनमान को आज ही उनके खाते मे डाला जाए। इसके अलावा ईपीएफ का मामला भी तुरंत सुलझाया जाए। कर्मियों का कहना है कि उन्हें चार माह से वेतन नही मिला है जबकि 2016 से ईपीएफ का मामला भी लटका पड़ा है। वार्ता में नरेंद्र सिंह अधिकारी, केवल मठपाल, उमेश मासीवाल, प्रहलाद सिंह, शंकर रावत, बचेसिंह, गणेश बिष्ट, रंजीत साह, प्रताप सिंह भगवत राम, गजेंद्र सिंह, सूरज सिंह, हीराबल्लभ, नंद किशोर, शरन सिंह आदि कई लोग शामिल थे।