ताड़ीखेत बीडीसी बैठक में मौजूद क्षेत्र पंचायत सदस्य। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत विकासखंड की पहली बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की जनसमस्याएं उठाई। इस मौके पर समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
ब्लाक प्रमुख हीरा रावत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पहले सभी का परिचय हुआ। इस मौके पर विकासखंड के पंचायतों के विकास पर मंथन हुआ। प्रमुख हीरा रावत ने कहा कि ताड़ीखेत विकासखंड को आदर्श ब्लाक बनाने के लिए सभी के साथ की आवश्यकता होती है, उन्होंने दलगत राजनीति को त्यागकर विकास कार्यों में विशेष सहयोग करने का आह्वान किया। कहा कि ताड़ीखेत विकासखंड को अव्वल विकासखंड बनाने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार कर ली है। कहा कि वह हफ्ते में दो दिन ब्लाक में बैठेंगे। बुधवार को अधिकारियों के साथ विकासकार्यों की समीक्षा की जाएगी। जबकि वृहस्पतिवार को बीडीसी सदस्यों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं की समीक्षा होगी। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख मोहन सिंह नेगी, कनिष्ठ प्रमुख पुष्कर सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट नरेंद्र भंडारी, बीडीसी सदस्य त्रिभुवन फर्त्याल, गणेश राम, अमित पांडे,अभिषेक बिष्ट आदि मौजूद थे।
योजनाओं की जानकारी दी
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। ब्लाक सभागार में क्षेत्र पंचायत समिति की पहली बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ब्लाक के कर्मचारियों का परिचय कराया गया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी आलोक गार्ग्य ने सदस्यों को ब्लॉक की संरचना विकासखंड से होने वाले विकास योजनाओं के अलावा मनरेगा, राज्य वित्त, युवा कल्याण, समाज कल्याण, प्रधानमंत्री आवास आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी। ब्लाक प्रमुख दीपक किरौला, ज्येष्ठ प्रमुख नंदिता भट्ट, कनिष्ठ प्रमुख प्रकाश चंद्र सहित सभी नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य, उपजिलाधिकारी आरके पांडेय आदि मौजूद थे। ब्यूरो