बोले ग्रामीण, इकुखेत लखोरा क्षेत्र में सब स्टेशन बनाया जाए
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। स्याल्दे तहसील के इकुखेत समेत कई गांवों में विद्युत कटौती और लो वोल्टेज से ग्रामीण भड़क गए हैं। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर 16 जून को इकुखेत में आंदोलन करने की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने तहसीलदार दीवान गिरी गोस्वामी के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा है। चितौड़खाल, इकुखेत, लखोरा, सराईखेत क्षेत्र में लोग विद्युत समस्या से जूझ रहे हैं। आए दिन विद्युत कटौती हो रही है। कभी दिन में तो कभी कभी रात में बिजली गुल रहती है। बिजली गुल रहने से मंगरुखाल पंपिंग पेयजल योजनाओं में जलापूर्ति ठप है। जिससे लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इकुखेत लखोरा क्षेत्र में सब स्टेशन बनाया जाना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में उत्तराखंड जनकल्याण समिति अध्यक्ष सुनील टम्टा, व्यापार मंडल अध्यक्ष जोगा सिंह नेगी, आरती देवी, नरेंद्र कुमार, ललित भंडारी, गौतम ध्यानी आदि शामिल रहे।