द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। उच्चीकरण के बावजूद जीजीआईसी उभ्याड़ी में इंटर की कक्षाएं शुरू न होने पर ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बृहस्पतिवार को चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो छह सितंबर से आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा।
स्थानीय प्रतिनिधियों ने 22 अगस्त को डीएम को ज्ञापन भेजकर शीघ्र इंटर की कक्षाएं संचालित नहीं होने पर पांच सितंबर को कफड़ा बाजार में चक्काजाम और छह सितंबर से आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी थी, लेकिन जिला प्रशासन की तरफ से अभी तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जनसंगठनों ने अब आंदोलन का मन बना लिया है।
इस संबंध में मंगलवार को जीजीआईसी उभ्याड़ी में शिक्षक, अभिभावक संघ, प्रबंधन समिति और विद्यालय विकास संघर्ष समिति की बैठक हुई। इसमें प्रस्तावित चक्काजाम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। आंदोलन की तैयारियों को बैठक में अंतिम रूप दिया गया। बैठक में अभिभावक संघ अध्यक्ष खीम सिंह, विद्यालय विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष बचे सिंह बिष्ट, गिरीश चंद्र भट्ट, प्रताप रावत, दिनेश चंद्र कबडवाल, भुवन चंद्र जोशी, विपिन चंद्र जोशी, प्रकाश अधिकारी, शैलेंद्र रावत, प्रकाश राम, बहादुर रौतेला, रतन सिंह, भैरव दत्त सती आदि मौजूद रहे।