चौखुटिया-मासी सड़क के पुनर्निर्माण कार्य की धीमी गति से आक्रोशित चांदीखेत के लोगों ने सड़क में सांकेतिक रूप से रोपाई कर विरोध जताया है। लोगों ने निर्माण कार्य में तेजी नहीं आने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है।
सड़क पर रोपाई! सुनने में अटपटा लग सकता है, परंतु चारों तरफ से निराश लोगों को इसी तरह से सांकेतिक विरोध का रास्ता अपनाना पड़ा है।
रामनगर को बद्रीनाथ से जोड़ने वाली करीब तेरह किलोमीटर लंबाई की चौखुटिया-मासी सड़क के जीर्णोद्धार और डामरीकरण के लिए 18.41 करोड़ की भारी भरकम राशि स्वीकृत होने के बाद गत वर्ष 17 सितंबर से सड़क का कार्य शुरू हुआ। सड़क का कार्य पहले इसी साल सितंबर में पूरा होना था जिसे छह माह का अतिरिक्त समय मिल गया है। इस सबके बावजूद कछुआ चाल के चलते सड़क के जल्द पूरा होने के आसार नहीं हैं।
इधर पुनर्निर्माण के चलते खस्ताहाल हुई सड़क में वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। चांदीखेत बाजार में आधे फीट तक कीचड़ जमा हो जाने से लोगों का सड़क में चलना दूभर है। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारी पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाते तो यह नौबत नहीं होती। इसी से गुस्साए लोगों ने सड़क किनारे सांकेतिक रोपाई कर विरोध जताया है।
रोपाई करने वालों में मदन कुमयां, शशि प्रकाश, मनीष जोशी, गिरधर खत्री, पूरन कुमयां, ललित जोशी, रमेश गोस्वामी, अशोक गोस्वामी, सुरेंद्र कुमयां, तारा सिंह, मोहम्मद अली, ओम प्रकाश, राजेंद्र कुमयां आदि शामिल थे।