अल्मोड़ा के गांधी पार्क में धरने के दौरान नारेबाजी करते सर्वदलीय संघर्ष समिति के लोग
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण (डीडीए) को समाप्त करने के लिए गठित सर्वदलीय संघर्ष समिति ने मंगलवार को चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरना दिया। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
समिति के संयोजक पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि प्राधिकरण को समाप्त करने के लिए संघर्ष समिति पिछले पांच सालों से लगातार संघर्षरत है लेकिन सरकार ने कुछ माह पूर्व प्राधिकरण को स्थगित करके इस मुद्दे पर अपनी इतिश्री कर ली। प्रदेश की भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर है। इस कारण पिछले पांच वर्षों से जनता के आंदोलन के बावजूद भी प्राधिकरण को समाप्त नहीं कर रही है। समिति के प्रवक्ता राजीव कर्नाटक ने मुख्यमंत्री से जनहित में प्राधिकरण को समाप्त कर भवन मानचित्र स्वीकृति के सभी अधिकार नगर पालिका को देने की मांग की। अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने प्राधिकरण को लागू किया था, जिसका विरोध संघर्ष समिति और जनता ने लगातार किया है। कहा कि स्पष्ट आदेश के तहत जनविरोधी प्राधिकरण को समाप्त करने तक समिति का आंदोलन जारी रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण को समाप्त किया जाए। धरने में पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, कांग्रेस जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, कांग्रेस जिला सचिव दीपांशु पांडे, गोपाल सिंह चौहान, आनंद सिंह बगड़वाल, प्रताप सत्याल, चंद्रमणि भट्ट, लक्ष्मण ऐठानी, एनडी पांडे, ललित मोहन जोशी, एमसी कांडपाल आदि बैठे।