रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री और पूर्व विधायक करन माहरा ने कहा कि रावत सरकार की बहाली के बाद नेता प्रतिपक्ष आपा खो चुके हैं, इसीलिए संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष यदि विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर धरने पर बैठते तो क्षेत्र का विकास होता।
वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आनंद सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में माहरा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया था, कांग्रेसी इसी बात का विरोध करने गए थे, लेकिन नेता प्रतिपक्ष आपा खो बैठे और स्वयं वहां धरने पर बैठ गए। कहा कि राष्ट्रपति शासन के दौरान नेता प्रतिपक्ष को सिर्फ शराब नीति बदलने की याद आई, जबकि रानीखेत विस क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों की सुध तक नहीं ली।
वक्ताओं ने कहा कि अपने ही क्षेत्र में विरोध को नेता प्रतिपक्ष पचा नहीं पा रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे दोष मढ़ रहे हैं। बैठक में ब्लॉक प्रमुख रचना रावत, जिलाध्यक्ष महेश आर्य, किसान प्रकोष्ट के जिलाध्यक्ष गोपाल देव, जोधा सिंह बिष्ट, चंदन बिष्ट, त्रिभुवन फर्त्याल, शिवदत्त पपने, हीरा रावत, मोहन सिंह, जितेंद्र पांडे, संजय कुमार, प्रजापति पांडे, बलवीर बिष्ट, हेमंत रौतेला आदि थे।