पांडवखोली में शिव महिमा पर आधारित नृत्य पेश करतीं छात्राएं। संवाद
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पांडवों की अज्ञातवास स्थली रही स्वर्गपुरी पांडवखोली में ब्रह्मलीन महंत बलवंतगिरी महाराज नागा बाबा की 29 वीं पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई गई। शुक्रवार को भंडारा आयोजित हुआ। स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए।
पथ भ्रमण संघ रानीखेत की ओर से द्रोणागिरी पर्वतमाला के मध्य स्थित विश्वप्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थली स्वर्गपुरी पांडवखोली में श्री श्री 1008 महंत बलवंतगिरी महाराज नागा बाबा की पुण्यतिथि शनिवार को मनाई गई। भंडारे में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। जूनियर हाईस्कूल खोलियाबांज, मांटेसरी स्कूल रानीखेत, प्राथमिक विद्यालय चरी आदि के विद्यार्थियों ने शिव महिमा पर आधारित नृत्य पेश किए। बच्चों और महिलाओं के बीच कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़ आदि भी हुईं। भीम की गुदड़ी में आयोजित प्रतियोगिताओं में महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया।
शुक्रवार को नित्य पूजा, गणेश पूजा, रुद्री पाठ के साथ देर रात तक भजन कीर्तनों का दौर चलता रहा। पथ भ्रमण संघ के अध्यक्ष हरीश लाल साह ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया।