हिमांशु धर्मशक्तू की मौत का खुलासा नहीं होने से जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को जन संघर्ष समिति के बैनर तले खत्याड़ी के ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों के लोगों ने शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसएसपी दफ्तर का भी घेराव किया। समिति ने मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग उठाई है।
जन संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीण और विभिन्न संगठनों और राजनैतिक दलों के लोग गांधी पार्क में एकत्र हुए। यहां से शुरू हुआ जुलूस मालरोड, मिलन चौक, लाला बाजार, कचहरी बाजार, पल्टन बाजार होते हुए एसएसपी दफ्तर पहुंचा और दफ्तर का घेराव किया। हालांकि एसएसपी नैनीताल में होने वाली एक बैठक के लिए वहां गई हुई थीं।
सूचना पर एसडीएम विवेक राय, कोतवाल चंद्र मोहन सिंह भी एसएसपी कार्यालय पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाया। मृतक हिमांशु के पिता बलवंत सिंह धर्मशक्तू ने कहा कि मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और मामले के आरोपियों का जल्द लाई डिटेक्टर टेस्ट हो। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि सीबीआई जांच के लिए जिला प्रशासन के माध्यम से प्रदेश के गृह मंत्रालय को पत्र भेजा जाएगा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने घेराव समाप्त किया। प्रदर्शन में मृतक के परिजनों, खत्याड़ी के ग्रामीणों के अलावा संघर्ष समिति के अध्यक्ष हरीश कनवाल, महासचिव जवाहर सिंह गनघरिया, केपी जोशी, श्याम सिंह रावत, राजू धर्मशक्तू, गोकर्ण सिंह पांगती, पुष्पा खंपा, कांग्रेस नेता पूर्व विधायक मनोज तिवारी, मनोज सनवाल, प्रदेश प्रवक्ता अमित जोशी, हर्ष कनवाल, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीपक वर्मा, बार के अध्यक्ष महेश परिहार, ब्लाक प्रमुख सूरज सिराड़ी, मनोज बिष्ट, दीवान धपोला, आशीर्वाद गोस्वामी आदि थे।