रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान रानीखेत में मंगलवार को पारंपरिक चिकित्सा पर द्वितीय विश्व स्वास्थ्य संगठन वैश्विक शिखर सम्मेलन का पूर्वावलोकन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस मौके पर प्रभारी सहायक निदेशक डॉ. ओमप्रकाश ने सम्मेलन पूरी रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि शिखर सम्मेलन का आयोजन आयुष मंत्रालय और विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से 17–19 दिसंबर तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया जाएगा।
इस वर्ष के शिखर सम्मेलन का विषय संतुलन बहाल करना स्वास्थ्य और कल्याण का विज्ञान एवं अभ्यास रखा गया है। सम्मेलन में सौ से अधिक देशों के लगभग 5,000 वर्चुअल प्रतिभागी तथा लगभग 700 इन-पर्सन प्रतिनिधि शामिल होंगे। 20 से अधिक देशों के स्वास्थ्य मंत्री, उपमंत्री, राजनयिक, उद्योग हितधारक, विशेषज्ञ और विद्यार्थी भी इसमें भाग लेंगे।
इसी अवधि में 20 देशों के साथ द्विपक्षीय चर्चाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें अनुसंधान, मानकीकरण और सहयोग को बढ़ाने पर विचार-विमर्श होगा। शिखर सम्मेलन वैज्ञानिक सत्यापन, डिजिटल स्वास्थ्य, जैव विविधता संरक्षण और वैश्विक सहयोग जैसे विषयों पर केंद्रित होगा। यहां अनुसंधान अधिकारी (वन.) डॉ दीपशिखा आर्या, अनुसंधान अधिकारी (आयु.) डॉ तरुण कुमार और डॉ. हरित कुमारी मौजूद रहे।