विधानसभा सामान्य निर्वाचन के लिए पीठासीन अधिकारी और प्रथम मतदान अधिकारी का प्रशिक्षण 23 और 24 जनवरी को चलेगा। 23 जनवरी को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक चलने वाला प्रशिक्षण एसएसजे कैंपस अल्मोड़ा में संपन्न होगा। इसमें 87 ईवीएम द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। दूसरा प्रशिक्षण 24 जनवरी को बिरला स्कूल रानीखेत में होगा। जिसमें 80 ईवीएम प्रयोग में लाई जाएंगी।
नोडल अधिकारी ईवीएम केसी आर्या ने बताया कि 23 जनवरी को एसएसजे कैंपस के आडिटोरियम में अल्मोड़ा, जागेश्वर और सोमेश्वर विधानसभा के 600 पीठासीन और 600 प्रथम मतदान अधिकारियों को ईवीएम प्रशिक्षण दिया जागगा। सुबह नौ बजे से चलने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को मतदान की क्रिया विधि बताने के साथ ही मशीनों के उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक बताया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सौ मास्टर ट्रेनर भी अधिकारियों को प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को रानीखेत के बिरला स्कूल में द्वाराहाट, सल्ट और रानीखेत विधानसभा के लिए दूसरा प्रशिक्षण शुरू होगा। जिसमें इन विधानसभा क्षेत्र के 600 पीठासीन और 600 प्रथम मतदान अधिकारियों को ईवीएम का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इधर डीडीओ मो. असलम ने बताया कि प्रशिक्षण की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। इसके बाद अगले चरण का प्रशिक्षण आठ, नौ और दस फरवरी को अल्मोड़ा तथा रानीखेत में होगा।