अल्मोड़ा में ईवीएम जमा करातीं पोलिंग पार्टियां।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को शुरू होने जा रही मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मतगणना प्रात: आठ बजे से शुरू होगी। भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक प्रियंक भारती और श्रीमती स्नेहलता पवार ने होटल मैनेजमेंट संस्थान में मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना प्रात: आठ बजे होटल मैनेजमेंट संस्थान में शुरू हो जाएगी। हर विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। इसके लिए 14-14 टेबल लगाए गए हैं। सबसे पहले बैलेट पेपर गिने जाएंगे।
इधर चुनाव आयोग के प्रेक्षकों ने मतगणना स्थल का निरीक्षण करके जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सभी रिटर्निंग अफसरों को मतगणना कक्षों की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आधार पर मतगणना स्थल पर मोबाइल फोन ले जाना वर्जित रहेगा। उन्होंने मतगणना के लिए फोटो स्टेट मशीन, कागज, जेनरेटर आदि दुरुस्त करने को कहा।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी जेएस नगन्याल, एसएसबी के सहायक सेना नायक राजेंद्र कुमार मीणा, जिला विकास अधिकारी मो.असलम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।