अल्मोड़ा। बिजली लाइन में खराबी आने के चलते शहर के धारानौला और ढूंगाधारा क्षेत्र में 32 घंटे से अधिक समय तक बिजली बाधित रही। बिजली नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार सुबह छह बजे पांडेखोला बिजली घर से खत्याड़ी सब स्टेशन को बिजली की आपूर्ति करने वाली 33 केवीए की लाइन पर पेड़ गिरने से शहर के कई हिस्सों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
पावर हाउस बंद रहने से बृहस्पतिवार को शहर के अन्य क्षेत्रों के साथ ही धारानौला और ढूंगाधारा क्षेत्र में भी बिजली गुल रही। शहर के अन्य हिस्सों में तो शाम सवा छह बजे विभाग ने आपूर्ति बहाल कर दी थी लेकिन धारानौला और ढूंगाधारा क्षेत्र को आपूर्ति करने वाली 11केवीए की बिजली लाइन में खराबी आ गई।
इस कारण पूरे धारानौला, गोपालाधारा क्षेत्र समेत ढूंगाधारा और पूर्वी पोखरखाली इलाके की बिजली गुल हो गई।
बिजली कर्मी रात नौ बजे तक फाल्ट ढूंढने के लिए पेट्रोलिंग करते रहे लेकिन फाल्ट नहीं मिल सका। इसके बाद शुक्रवार सुबह से विभागीय कर्मी फाल्ट ढूंढने में लगे रहे। सिकुड़ा के पास 11 केवीए की लाइन के काफी लंबे हिस्से में तार डैमेज मिले और पोल में डिस्क और इंसूलेटर पंचर हो गए थे। बिजली कर्मियों ने सुधारीकरण कार्य कर शुक्रवार दोपहर ढाई बजे आपूर्ति सुचारु कर दी।