लमगड़ा ब्लॉक के सालम क्षेत्र के गांवों के उपभोक्ताओं को जल्द ही बिजली अव्यवस्था और लोवोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। क्षेत्र के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने जैंती में 2.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले 33 केवी सब स्टेशन का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के वंचित गांवों का जल्द ही विद्युतीकरण किया जाएगा।
कुंजवाल ने कहा कि सालम क्षेत्र के गांवों को लमगड़ा के पास छड़ौजा सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति होती थी। अधिकांश स्थानों पर जंगलों के बीच से गुजरने वाली लाइन में खराबी आने पर उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी। जैंती में बिजलीघर बन जाने से सैकड़ों उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली मिल सकेगी। कुंजवाल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में बजट नहीं देने से स्वीकृत कई सड़कों का निर्माण शुरु नहीं हो पा रहा है।
राज्य सरकार द्वारा स्वयं के संसाधनों से बजट की व्यवस्था करने के कुछ सड़कों का निर्माण चल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जनकल्याण की कई योजनाएं चलाई हैं। लोग योजनाओं का लाभ उठा कर आगे बढे़ं। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि बिजलीघर का निर्माण अक्तूबर 2016 तक पूरा करने का लक्ष्य है। सब स्टेशन के बन जाने से काफी सहूलियत होगी।
वहां बिजलीघर के लिए दस नाली भूमि उपलब्ध कराने के लिए किसान जीवन सिंह, बची सिंह का आभार जताया गया। समारोह की अध्यक्षता दीवान सिंह बोरा, संचालन प्रताप राम ने किया। जलागम प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष दिनेश कुंजवाल, जेष्ठ प्रमुख विक्रम बोरा, गिरीश जोशी, जीत सिंह धानक, विक्रम भंडारी, चंदन बोरा, कैलाश जोशी, पान सिंह आदि ने विचार रखे।