अल्मोड़ा। जाड़े के मौसम में बिजली की खपत बढ़ती जा रही है। लोड बढ़ने पर नगर में दिन में कई बार बिजली में व्यवधान आ रहा है। रविवार दिन में चौघानपाटा में 11 केवी लाइन की बिजली की केबल जल गई। इससे शहर के चौघानपाटा समेत बड़े हिस्से में पांच घंटे बिजली गुल रही। बिजली नहीं रहने से ठंड के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चौघानपाटा से मुख्य बाजार को जाने वाले मार्ग के समीप स्थित ट्रांसफार्मर की 11 केवी की केबल दिन में साढ़े बारह बजे जल गई। इससे चौघानपाटा, तल्ला जोेशीखोला, सेलाखोला, मालरोड समेत अन्य इलाकों में बिजली गुल हो गई। लोगों ने इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी तो बिजली कर्मी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बिजली कर्मियों ने शटडाउन लेकर केबल बदलने का काम शुरू किया। बिजली विभाग के आधा दर्जन कर्मी शाम तक केबल बदलने का काम में जुटे रहे। विभाग के अवर अभियंता मनोरंजन वर्मा ने बताया कि केबल जलने से आपूर्ति में व्यवधान हुआ। केबल बदलने के बाद शाम साढ़े पांच बजे आपूर्ति सुचारू कर दी गई।
शहर में जीर्ण-शीर्ण पोल बदलने का काम शुरू
अल्मोड़ा। बिजली विभाग ने शहर में जीर्ण-शीर्ण बिजली पोलों को बदलने का काम भी शुरू कर दिया है। विभाग के अधिशासी अभियंता कन्हैया जी मिश्रा ने बताया रविवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर जीर्ण-शीर्ण पोलों के स्थानों पर 21 नए पोल खड़े कर दिए गए हैं। जिनमें जल्द ही केबल जोड़ी जाएगी।