Power cut leads 21 die in Hyderabad govt hospital as staff blame
- फोटो : demo
अल्मोड़ा। बिजली का बिल जमा नहीं करने पर ऊर्जा निगम ने 150 बकाएदारों के बिजली के कनेक्शन काट दिए हैं। इनमें बीडीओ कार्यालय समेत कई सरकारी विभाग भी शामिल हैं। ऊर्जा निगम इन दिनों रोजाना दर्जनों विद्युत कनेक्शन काट रहा है। बिल जमा न करने वालों की संख्या अब 150 हो चुकी है। इनमें सरकारी विभाग बीडीओ कार्यालय, आवासीय परिसर लमगड़ा, कानूनगो चौकी लमगड़ा, अतिरिक्त पीएचसी पनुवानौला, परिवार कल्याण पनुवानौला, पीएचसी ध्याड़ी के अलावा घरेलू, प्राइवेट संस्थान भी शामिल हैं।
अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल रानीखेत तरुण कुमार ने राजस्व वसूली के कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राजस्व वसूली के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने और बकाएदारों से वसूली नहीं होने पर तुरंत बिना किसी विलंब के तत्काल कनेक्शन काटने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इधर अधिशासी अभियंता डीएस पांगती ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मार्च में शहर, ग्रामीण क्षेत्रों में आठ मार्च से 27 मार्च तक शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर में बिलों की वसूली, त्रुटिपूर्ण बिलों में सुधार, नए कनेक्शन मंजूर किए जाएंगे।