राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारियों को अपने जिले के सभी स्थानों पर होल्डिंग, वाल पेंटिंग, पोस्टर, झंडे आदि को हटाने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने कहा कि टेलीफोन और विद्युत पोलों पर पोस्टर, बैनर नहीं लगाए जाएं। कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी से इस पर विशेष ध्यान दें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा जहां पर वाल पेंटिंग की गई है उसका खर्चा उन्हीं के खातों में डाला जाए। सूचना विभाग द्वारा जो विज्ञापन जारी किए जाते हैं आदर्श आचार संहिता लगने के बाद भी इस पर पैनी नजर रखनी होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड लोक संपत्ति विरूपण 2009 के अधीन प्रावधानों के अंतर्गत पोस्टर और बैनर न हटाए जाने पर कार्रवाई होगी। भारत निर्वाचन आयोग के नए निर्देशों के अनुसार मतदान के दिन जिन राजनीतिक दलों द्वारा मतदेय स्थल के बाहर बस्ते लगाए जाएंगे उसका व्यय भी संबंधित राजनीतिक दल के प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जाएगा। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी से संवेदनशील और अति संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों की रिपोर्ट भेजने को कहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कहा कि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होना है। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी तत संबंधी सूचना 31 दिसंबर तक राज्य निर्वाचन कार्यालय में भेज दें। जिन जिलों में रिटर्निंग आफिसर बदले जाने है उसकी सूचना भी तुरंत निर्वाचन कार्यालय देहरादून में दी जाए। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह कुंवर, डीआरडीए परियोजना निदेशक डीडी पंत, मुख्य शिक्षाधिकारी एके सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी आरसी आर्या आदि मौजूद थे।