चौखुटिया (अल्मोड़ा)। यहां कुमाऊं-गढ़वाल को जोड़ने वाले स्टील गार्डर पुल की मरम्मत का काम लगभग पूरा हो चुका है। करीब 21 दिन बाद इस पुल पर बृहस्पतिवार सुबह से वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। बृहस्पतिवार से पुल पर ट्रैफिक संचालन की सूचना से परेशानी झेल रहे लोगों में खुशी की लहर है।
बता दें कि चौखुटिया का स्टील गार्डर पुल करीब 60 साल पहले बना था जो जर्जर हो गया था और इसमें वाहनों के संचालन से बड़ा खतरा पैदा हो गया था। इसकी मरम्मत की कार्ययोजना बनी और बीते 29 मई से इसे वाहनों के लिए प्रतिबंधित करते हुए मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया।
मौसम के कारण बीच में मरम्मत कार्य में बाधा भी आई। 13वें दिन इसे राहगीरों के लिए खोल दिया गया। इधर अब पुल की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है और अब बृहस्पतिवार सुबह से पुल पर वाहनों का आवागमन शुरू होने की उम्मीद है। इससे वाहन चालकों और यात्रियों को बड़ी राहत मिल जाएगी। अब तक उन्हें डायवर्ट लंबे रूट से गुजरना पड़ रहा था।